शनिवार की देर रात जनपद फर्रुखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र के धमगमा रोड पर स्थित एक ढाबे के पास राहगीरों को एक युवक सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ा मिला। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर जितेंद्र बहादुर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता से मिलकर लौट रहा था घर
मृतक की पहचान पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के जलालाबाद थाना क्षेत्र स्थित गांव हरेबा निवासी रामबरन के 35 वर्षीय पुत्र विनोद के रूप में हुई। सूचना पर अस्पताल पहुंचे विनोद के भाई बबलू ने बताया कि विनोद कायमगंज के गांव जौंरा स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। शनिवार शाम वह फैजबाग स्थित भट्ठे पर काम करने वाले अपने पिता से मिलकर वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
परिवार में मचा कोहराम
विनोद की मौत की खबर मिलते ही उसकी पत्नी नन्ही देवी और मां सुशीला का रो-रोकर बुरा हाल है। बता दे कि मृतक सा भाइयों में दूसरे नंबर का था। मृतक की तीन छोटी बेटियां—6 वर्षीय नेहा, 3 वर्षीय उपासना और 1 वर्षीय कोमल है। फिलहाल, शमशाबाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी है।


















