शनिवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव प्रह्लादपुर संतोषपुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। 60 वर्षीय बुजुर्ग राधेश्याम राजपूत अपने खेत के किनारे बनी झोपड़ी के पास खड़े थे। तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ईको कार (UP76AX1904) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।

लोहिया अस्पताल में तोड़ा दम, ड्राइवर कार छोड़कर भागा
परिजनों ने आनन-फानन में बुजुर्ग को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी। बता दें कि आरोपी ड्राइवर बुजुर्ग को अस्पताल तक छोड़ने तो आया, लेकिन जैसे ही उनकी मौत की पुष्टि हुई, वह कार वहीं खड़ी करके मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।


















