फर्रुखाबाद : कायमगंज में फर्जी फर्म बनाकर GST की चोरी करने वाला एक और शातिर गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज में पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने फर्जी फर्म बनाकर सरकार को करोड़ों रुपये के जीएसटी (GST) का चूना लगाने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान खुशनूद के रूप में हुई है, जो नई बस्ती का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस काफी समय से इस जालसाज की तलाश में जुटी थी।

तंबाकू ढुलाई और फर्जी दस्तावेजों का काला खेल

जांच में सामने आया है कि यह आरोपी फर्जी नाम और पते पर फर्में तैयार करता था। इन फर्जी फर्मों के जरिए तंबाकू की ढुलाई का काम दिखाया जाता था, जिससे सरकारी राजस्व की चोरी की जाती थी। आरोपी ने कूट रचित यानी फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाया है। पुलिस के मुताबिक, 21 मार्च को इस मामले में मास्टरमाइंड जुबैर और सुखवीर समेत 25 लोगों पर पहले ही रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है।

पूछताछ में खुलेगा गिरोह का कच्चा चिट्ठा

विवेचना के दौरान जब खुशनूद का नाम सामने आया, तो क्राइम इंस्पेक्टर रामौतार और सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल सचेंद्र सिंह की टीम ने जाल बिछाकर उसे धर दबोचा। पुलिस अब आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और सिंडिकेट का पता लगाया जा सके। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के तार काफी दूर तक फैले हो सकते हैं।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें