जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र के गांव त्यौरखास में बीती रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। गांव के अनिल कठेरिया, जो वर्तमान में अपने परिवार के साथ पंजाब में रहकर मजदूरी करते हैं, उनके बंद घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोर जीने (सीढ़ियों) के सहारे घर के अंदर दाखिल हुए और कमरों के ताले तोड़कर चार बक्सों को खंगाल डाला। चोरों ने कीमती जेवरातों से भरा बक्सा घर से करीब 100 मीटर दूर लालू यादव के घेर में फेंक दिया।

लाखों के गहनों पर चोरों ने किया हाथ साफ
पीड़ित परिवार ने जानकारी देते हुए बताया कि बक्से में दो जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी अंगूठी, एक मंगलसूत्र और दो जोड़ी चांदी की पाजेब समेत कई अन्य कीमती सामान था। इस घटना का पता तब चला जब अनिल के भाई राजेश कठेरिया, जो पड़ोस में ही सो रहे थे, शौच के लिए उठे। घर की अस्त-व्यस्त हालत देखकर उनके होश उड़ गए। शोर मचने पर गांव वाले इकट्ठा हो गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों की मुस्तैदी से टली दो और बड़ी चोरियां
अनिल के घर के बाद चोरों ने गांव के ही महिपाल शाक्य और श्यामवीर कश्यप के घरों को निशाना बनाने की कोशिश की। महिपाल गुजरात में और श्यामबीर जयपुर में रहकर काम करते हैं। चोरों ने उनके मुख्य गेट के ताले तोड़ दिए थे और अलमारी तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच ग्रामीणों के जागने और शोर मचाने पर चोर वहां से भाग खड़े हुए। गनीमत रही कि इन दोनों घरों में चोर किसी बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे सके।

पुलिस जांच में जुटी, सीओ ने दिया कार्रवाई का भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। हालांकि, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि फिलहाल उनके संज्ञान में मामला नहीं आया है, लेकिन वे इसकी पूरी जानकारी लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। गांव में हुई इस वारदात के बाद से ग्रामीणों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।


















