फर्रुखाबाद : सड़कों पर शिक्षकों का सैलाब, TET के विरोध में निकाली विशाल बाइक रैली – सिस्टम को दी कड़ी चेतावनी

जनपद फर्रुखाबाद में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को अनिवार्य किए जाने के विरोध में शिक्षकों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। ‘अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ’ के बैनर तले सैकड़ों शिक्षकों ने बाइक रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। रैली के दौरान शिक्षकों का जोश देखते ही बन रहा था। प्रदर्शनकारी शिक्षक “अभी तो यह अंगड़ाई है, आगे बहुत लड़ाई है” जैसे गगनभेदी नारे लगा रहे थे। इस विशाल रैली की वजह से शहर के मुख्य चौराहों और तिराहों पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को आवाजाही में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

BSA दफ्तर पर जुटे पुरुष और महिला शिक्षक, हक के लिए भरी हुंकार

सोमवार दोपहर बाद से ही बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय पर शिक्षकों का जमावड़ा शुरू हो गया था। क्या महिला और क्या पुरुष, सभी शिक्षक अपनी स्कूटर और बाइकों के साथ एकजुट नजर आए। महासंघ के संयोजक और जिला संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों के नेतृत्व में शाम करीब 4 बजे रैली का आगाज हुआ। यह रैली पुलिस लाइन चौराहा, नेकपुर, कोतवाली, कैंट और रोडवेज वर्कशॉप से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर हुंकार भरी।

“TET हमें मंजूर नहीं”: पुराने शिक्षकों ने उठाई सम्मान की मांग

रैली के दौरान शिक्षक नेताओं ने साफ कहा कि जिन शिक्षकों की नियुक्ति TET लागू होने से पहले हुई थी, उन पर इसे थोपना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिक्षकों का तर्क है कि वे वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, ऐसे में नई शर्तों को लागू करना उनके अधिकारों का हनन है। संयोजक भूपेश पाठक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह तो बस शुरुआत है; अगर सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले समय में आंदोलन और भी उग्र होगा। रैली में ओम नारायण मिश्रा, मयंक दुबे और ब्रहम शंकर मिश्रा समेत सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें