शुक्रवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित श्याम नगरी में लालाराम अशोक कुमार सेवा समिति के तत्वावधान से आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘एलए विस्डम स्कूल’ का उद्घाटन पूरे धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक डॉक्टर सुरभि, ब्लॉक प्रमुख अनुराधा दुबे, वरिष्ठ समाजसेवी सत्य प्रकाश अग्रवाल, संस्था के अध्यक्ष संजीव गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष डॉक्टर शरद गंगवार, भाजपा नगर अध्यक्ष देवेंद्र दुबे व महेंद्र राजपूत मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर विद्यालय का औपचारिक शुभारंभ किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
देखें उद्घाटन की तस्वीरें…





स्कूल के निदेशक ने दी जानकारी
समारोह के दौरान स्कूल के निदेशक संजीव कुमार गुप्ता ने विद्यालय की कार्यप्रणाली और सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह विद्यालय क्षेत्र के बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा देने के लिए तैयार किया गया है। कैंपस में स्मार्ट क्लासरूम्स, विजुअल लर्निंग के लिए विशेष तकनीक, अत्याधुनिक स्विमिंग पूल और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए अलग प्रांगण बनाया गया है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।

अनुभवी शिक्षकों और योग से मिलेगी सर्वांगीण शिक्षा
निदेशक संजीव कुमार गुप्ता ने आगे बताया कि केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए विद्यालय में इनडोर और आउटडोर खेलों की व्यवस्था के साथ-साथ नियमित योग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। पठन-पाठन का कार्य पूरी तरह से योग्य, अनुभवी और समर्पित शिक्षकों की देखरेख में संपन्न होगा, जिससे विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिले।

























