जनपद मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई है। यहां एक बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही सगे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव करथिया निवासी 25 वर्षीय करन मिश्र के रूप में हुई है। घटना मंगलवार रात की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

भाई बना था रक्षक, बहन निकली भक्षक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करन अपनी बहन पूजा दुबे को उसके ससुराल कुसमरा छोड़ने आया था। शाम होने के कारण करन रात में वहीं रुक गया। उसे क्या पता था कि जिस बहन के घर वह मेहमान बनकर रुका है, वही उसकी मौत की साजिश रच लेगी। देर रात पूजा का प्रेमी जितेंद्र ठाकुर उर्फ जीतू उससे मिलने घर पहुंचा। जब भाई करन ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। इस दौरान प्रेमी ने तमंचे से करन के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मासूम की गवाही ने बेनकाब की ‘कातिल मां’
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगा दिया और पूजा ने खुद थाने जाकर भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी ताकि किसी को शक न हो। लेकिन ‘कानून के हाथ लंबे होते हैं’, यह कहावत सच साबित हुई। पूजा के 10 साल के बेटे रितिक ने हिम्मत दिखाते हुए पड़ोसियों और पुलिस को सारी हकीकत बता दी। बच्चे ने बताया कि कैसे उसकी मां ने प्रेमी के साथ मिलकर मामा को गोली मारी और शव को गायब कर दिया। बच्चे के इस सनसनीखेज बयान के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया।

झाड़ियों में मिला शव, प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार
एसपी सिटी अरुण कुमार और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने जब आरोपी प्रेमी जितेंद्र को पकड़कर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर बुधवार शाम को धर्मगदपुर गांव के पास झाड़ियों से करन का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्यारी बहन पूजा व उसके प्रेमी जितेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतक करन के पीछे उसके तीन छोटे बच्चे और रोता-बिलखता परिवार रह गया है।



















