फर्रुखाबाद : घने कोहरे में रोडवेज बस ने कार को मारी जोरदार टक्कर, 3 की मौत – मच गया कोहराम

फर्रुखाबाद-बरेली हाईवे पर बुधवार सुबह सुगसुगी मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे घने कोहरे के बीच रोडवेज बस चालक ने किसी वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे वह सामने से आ रही कार से जा टकराई। टक्कर के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जबकि कार सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

ममेरे-फुफेरे भाई समेत 3 की दर्दनाक मौत, घर में पसरा मातम

इस भीषण हादसे में कार सवार अरुण (26), ऋषभ (19) और संजय राठौर (34) की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में अरुण और संजय ममेरे-फुफेरे भाई थे। संजय मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते थे, उनकी मौत से पत्नी पिंकी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गाड़ी में सवार अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल सीएचसी ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

प्रशासन सख्त: बस चालक की गलती आई सामने, शुरू हुई जांच

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एआरटीओ हरिओम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रोडवेज बस चालक की लापरवाही सामने आई है, जिसने कोहरे में गलत तरीके से ओवरटेक करने की कोशिश की। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और बस चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घायल अनिल की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें