जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गांव मई हादीदादपुर निवासी रामबरन (38) मजदूरी का काम कर अपना परिवार चला रहे थे। बुधवार को वह गांव नगला मुकुट के पास एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान पर ट्रक से मौरंग उतारने का काम कर रहे थे। जिस स्थान पर ट्रक खड़ा था, उसके ठीक ऊपर से हाईटेंशन बिजली की लाइन गुजर रही थी, जिसका अंदाजा किसी को नहीं था।

ट्रक पर खड़े मजदूर को लगा जोरदार करंट, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मौरंग उतारते समय रामबरन जैसे ही ट्रक के ऊपर खड़े हुए, उनका हाथ अचानक हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गए और नीचे गिर पड़े। आसपास के लोग तुरंत उन्हें इलाज के लिए लोहिया अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर क्राइम सुरजीत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परिवार का बुरा हाल, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
रामबरन की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम पसर गया। उनकी पत्नी राखी और तीन छोटे बच्चे (करन, अर्जुन और शनि) रो-रोकर बेहाल हैं। मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करने वाले रामबरन की असमय मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।


















