फर्रुखाबाद : तेज रफ्तार ऑटो ने सब्जी विक्रेता को रौंदा, इलाज के दौरान मौत

मंगलवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाना क्षेत्र से सब्जी बेचने का काम करने वाले 65 वर्षीय सोनपाल अपनी रेहड़ी लेकर रोजाना की तरह सब्जी मंडी जा रहे थे। तभी ‘मधुर मिलन गेस्ट हाउस’ के पास एक तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सब्जी वाले की रेहड़ी के साथ-साथ ऑटो भी सड़क पर पलट गया।

फर्रुखाबाद
मृतक सोनपाल का फाइल फोटो

इलाज के दौरान तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल सोनपाल को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया। लेकिन, दुर्भाग्यवश कानपुर ले जाते समय काली नदी के पास उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

35 सालों से कर रहे थे मेहनत

मृतक सोनपाल फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बंधुआ गांव के निवासी थे। उनके परिवार में तीन बेटे मनोज, अर्पित और राहुल माथुर हैं। सोनपाल पिछले 35 सालों से मेहनत-मशक्कत कर सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें