जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज में एक 10 वर्षीय बालक के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया था। मोहल्ला बजरिया रामलाल निवासी मुन्ना लाल गुप्ता का बेटा राज शुक्रवार शाम करीब 5 बजे घर के पास से लापता हो गया। परिजनों के अनुसार बालक मानसिक रूप से थोड़ा कमजोर है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई थी। शनिवार को पिता ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई।
पुलिस की मुस्तैदी : 40 सीसीटीवी कैमरों से मिली कामयाबी
बच्चे की तलाश के लिए पुलिस ने दिन-रात एक कर दिया। कस्बा चौकी इंचार्ज सोमवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शहर के करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आसपास के गांवों, सीमावर्ती जिलों और सोशल मीडिया के जरिए सघन तलाशी अभियान चलाया गया। स्थानीय मुखबिर तंत्र को भी पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया ताकि बच्चे का जल्द पता लगाया जा सके।
घर में गूंजी खुशियां : स्टेशन पर मिला मासूम
लगातार जारी प्रयासों के बाद मंगलवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि राज रेलवे स्टेशन पर देखा गया है। पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। जब चौकी इंचार्ज सोमवीर सिंह बच्चे को लेकर उसके घर पहुंचे, तो मां गुड़िया और पिता मुन्ना लाल की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। उन्होंने अपने बेटे को गले लगा लिया और पुलिस की तत्परता की जमकर सराहना की।


















