जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव अताईपुर कोहना में कक्षा 11 में पढ़ने वाली 18 वर्षीय छात्रा रितु ने अपने ही घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार की है। परिवार के सदस्यों को जब घटना की जानकारी हुई, तो वे आनन-फानन में कमरे में पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
बेटी की असामयिक मौत से मां विनीता और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। रितु के परिवार में दो बहनें और तीन भाई हैं, जो इस घटना के बाद सदमे में हैं। रितु गांव के ही एक स्कूल में पढ़ाई कर रही थी, और उसकी मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए आवश्यक नमूने एकत्र किए। क्राइम इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस इस मामले में हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि मौत की असल वजह सामने आ सके।

















