जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव अलादादपुर में होली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने एक किसान के घर में घुसकर लाठी-डंडों और लोहे के सरियों से हमला कर दिया। हमले में किसान सूरज सिंह और उनकी पत्नी मीरा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान किसान सूरज सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है।

खेत की ‘मेड़’ बनी जान की दुश्मन
मिली जानकारी के मुताबिक, इस खूनी संघर्ष की जड़ ‘खेत की मेड़’ का पुराना विवाद है। मृतक के भतीजे आदेश कुमार ने पुलिस को बताया कि गांव के ही राघवेंद्र, जसवंत, श्यामसुंदर समेत 7 लोगों ने एक राय होकर इस वारदात को अंजाम दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति को बेरहमी से पीटा। इस घटना के बाद से ही गांव में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।
दो महिलाएं गिरफ्तार, पुलिस की टीमें दे रही हैं दबिश
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी सविता देवी और रजनी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक एम.एम. चतुर्वेदी ने बताया कि अन्य 5 फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।
गांव में पीएसी तैनात, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
किसान की मौत के बाद गांव अलादादपुर में तनाव की स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने गांव में भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी (PAC) की तैनाती कर दी है। अधिकारी पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया गया है और गांव में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

















