जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्रृंगीरामपुर के रहने वाले राजू श्रीवास्तव अपनी स्कूटी से किसी जरूरी काम के लिए कमालगंज कस्बे आए थे। शाम को जब वह वापस घर लौट रहे थे, तभी रजीपुर के पास ‘जायका होटल’ के सामने सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
राहगीरों ने कराया अस्पताल में भर्ती
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने इंसानियत दिखाते हुए एंबुलेंस को सूचना दी। घायल राजू को तत्काल कमालगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए फर्रुखाबाद के डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे राजू श्रीवास्तव ने आखिरकार शुक्रवार को लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जैसे ही राजू की मौत की खबर उनके घर पहुँची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। खुशियां मातम में बदल गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और कानूनी कार्रवाई शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब फरार कार चालक की तलाश में जुटी है।

















