फर्रुखाबाद : होली पर राजस्थान से घर लौट रहा युवक हुआ लापता, होली के बाद होनी थी सगाई – पुलिस तलाश में जुटी

जनपद फर्रुखाबाद के कम्पिल में एक परिवार के लिए होली की खुशियां अचानक चिंता में बदल गईं। राजस्थान के बीकानेर में प्राइवेट नौकरी करने वाला पंकज कुमार 1 मार्च को अपने भाई मनोज के साथ ट्रेन से घर लौट रहा था। घर में उसकी सगाई की तैयारियां चल रही थीं और होली के ठीक बाद सगाई की रस्म होनी थी। लेकिन इससे पहले पंकज रहस्यमयी तरीके से लापता हो गया।

भाई को घर भेजा, खुद मोबाइल शॉप पर रुका

गांव हकीकतपुर निवासी पुष्पा ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों भाई राजस्थान से ट्रेन से टूंडला होते हुए कायमगंज पहुंचे थे। कायमगंज पहुंचने के बाद पंकज ने अपने छोटे भाई मनोज को पहले घर जाने को कहा और खुद मोबाइल पर कवर डलवाने के लिए बाजार में रुक गया। पंकज ने अपनी मां से शाम करीब 4:30 बजे फोन पर बात भी की थी, लेकिन उस कॉल के बाद से ही उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है।

पुलिस और परिजनों की तलाश जारी

जब काफी देर तक पंकज घर नहीं पहुंचा और उसका संपर्क टूट गया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी है। मां पुष्पा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द पंकज को ढूंढने की गुहार लगाई है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें