फर्रुखाबाद : जमीन के नाम पर लाखों का ‘खेला’, फर्जी भूस्वामी बनकर ठग लिए लाखों रुपए – पुलिस ने कसा शिकंजा

जनपद फर्रुखाबाद की कायमगंज तहसील क्षेत्र में धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक जालसाज ने दूसरे की जमीन को अपना बताकर लाखों रुपए हड़प लिए. इस पूरे खेल का खुलासा तब हुआ जब खरीदारों ने जमीन के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) की प्रक्रिया शुरू की। जैसे ही असली मालिक को इसकी भनक लगी, उसने तुरंत तहसील में आपत्ति दर्ज कराई, जिससे फर्जीवाड़े की पोल खुल गई।

फर्जी आधार कार्ड और कूटरचित दस्तावेजों से बुना ठगी का जाल

जांच में यह सामने आया कि रजिस्ट्री कार्यालय में खुद को अशोक कुमार बताकर अंगूठा लगाने वाला व्यक्ति असल में गणेशपुर मजरा कुरार निवासी धर्मेंद्र यादव उर्फ बिंदा था। आरोपी धर्मेंद्र ने फर्जी आधार कार्ड और जाली दस्तावेजों का सहारा लेकर खरीदार रतन सिंह और विनय कुमार यादव को झांसे में लिया और ग्राम कुरार स्थित जमीन (गाटा संख्या 1627 मि.) का फर्जी बैनामा कर लाखों रुपए ऐंठ लिए। पीड़ित ने बताया कि इस संबंध में पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब जाकर मामले ने तूल पकड़ा है।

शातिर अपराधी धर्मेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस कर रही है गहन जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में क्या रजिस्ट्री ऑफिस के किसी और व्यक्ति की भी मिलीभगत थी।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें