फर्रुखाबाद में बड़ा हादसा : गंगा स्नान से लौटते समय पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 12 साल के बच्चे की मौत

फर्रुखाबाद जनपद के शमशाबाद थाना क्षेत्र में रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

कायमगंज
कायमगंज

माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने गए थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, नवाबगंज थाना क्षेत्र के मिल्किया पहाड़पुर गांव के लोग और उनके रिश्तेदार तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से शमशाबाद के ढाई घाट पर गंगा स्नान के लिए गए थे। माघी पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर वापस लौट रहे थे, तभी शमशाबाद मार्ग पर बुढ़िया पुल के पास यह हादसा हो गया।

कायमगंज
कायमगंज

डीजे-जनरेटर लगा ट्रैक्टर बना हादसे की वजह

वापसी के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में डीजे और जनरेटर लगे होने के कारण संतुलन बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि ट्रॉली अचानक असंतुलित होकर सड़क पर पलट गई। ट्रॉली में करीब 12 लोग सवार थे। हादसे के वक्त चीख-पुकार मच गई और कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए।

कायमगंज
कायमगंज

ट्रॉली के नीचे दबा 12 साल का मासूम

हादसे में 12 वर्षीय शीतू ट्रॉली के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से ट्रॉली को सीधा किया गया और घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को ई-रिक्शा और अन्य वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शीतू को मृत घोषित कर दिया।

कायमगंज
कायमगंज

दो घायलों की हालत गंभीर, लोहिया अस्पताल रेफर

घायलों में प्राची (12), आशु (12), बिजेंद्र (20), अनिल कुमार (18), उमेश (21) और विक्रांत (21) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद प्राची और अनिल कुमार की हालत गंभीर होने पर उन्हें लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर किया गया। अन्य घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

कायमगंज
कायमगंज

पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू

सूचना मिलते ही शमशाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। थाना अध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें