शुक्रवार की शाम जनपद फर्रुखाबाद के कम्पिल थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गांव में रहने वाली 20 वर्षीय युवती के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
शौच के लिए खेत गई थी युवती, बनाया शिकार
पीड़िता की मां के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे उनकी बेटी घर के पास सरसों के खेत की ओर शौच के लिए गई थी। तभी गांव के ही चार युवक, जिनमें पूर्व प्रधान का बेटा भी शामिल बताया जा रहा है, उसे जबरन दबोचकर खेत में ले गए।
दुपट्टा छीनकर मुंह बांधा, जबरदस्ती की कोशिश
आरोप है कि युवकों ने युवती का दुपट्टा छीनकर उसका मुंह बांध दिया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने लगे। युवती ने किसी तरह शोर मचाने की कोशिश की, जिससे उसकी जान बच सकी।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजन, आरोपी धमकी देकर फरार
युवती की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए। भीड़ को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। जाते-जाते आरोपी युवती के कपड़े भी अपने साथ ले गए और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
थाने पहुंची पीड़िता की मां, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पीड़िता और उसकी मां ने कम्पिल थाना पहुंचकर लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीओ ने की पुष्टि, जल्द गिरफ्तारी का दावा
सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़िता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जा रही है।


















