मंगलवार को कायमगंज के कम्पिल रुदायन मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव मानिकपुर के पास रस और बिस्कुट से लदा ई-रिक्शा अचानक पलट गया। ई-रिक्शा के नीचे दबने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने किया मृत घोषित
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंची, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर डॉ. अमरेश ने जांच पड़ताल के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान, रोजी-रोटी के लिए करता था मेहनत
मृतक की पहचान कायमगंज नगर के बजरिया रामलाल निवासी दीपचंद के 27 वर्षीय बेटे सोनू श्रीवास्तव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सोनू ई-रिक्शा चलाकर रस और बिस्कुट की सप्लाई करता था। वह सुबह माल लेकर पड़ोसी जनपद एटा के रुदायन जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

पत्नी और मासूम बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल
सोनू की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी कल्पना बेसुध हो गई। सोनू अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी दो मासूम बेटियां हैं—चार साल की कनक और डेढ़ साल की कशिश, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। हादसे के बाद परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए।


















