फर्रुखाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूल जा रहे तीन मासूमों को DCM ने रौंदा, भाई व चचेरी बहनों की मौत, परिजनों ने शव उठाने से किया इनकार

जनपद फर्रुखाबाद में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के नबीगंज रोड पर स्कूल जा रहे एक युवक और उसकी दो नाबालिग चचेरी बहनों को सामने से आ रहे तेज रफ्तार DCM ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक DCM के अगले पहियों के बीच फंस गई और करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गई। मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीसरी बच्ची ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

मोहम्मदाबाद
मृतक राजन, काजल व सेजल के फाइल फोटो

बाइक से भाई व दो बहनें स्कूल जा रही थीं, अचानक हुआ हादसा

मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के भूड़ नगला गांव निवासी राजन (19) अपनी चचेरी बहनों काजल (15) और सेजल (12) को बाइक से स्कूल छोड़ने जा रहा था। तीनों पास के ही गांव के स्कूल में पढ़ते थे। काजल कक्षा 10 और सेजल कक्षा 6 की छात्रा थी। तभी अचानक नबीगंज रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार DCM ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक आगे के हिस्से में फंस गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े।

मोहम्मदाबाद
मोहम्मदाबाद

मौके पर ही दो की मौत, छोटी बहन बुरी तरह घायल

DCM की तेज रफ्तार होने के कारण राजन और काजल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे में सेजल गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के कुछ ही मिनटों बाद DCM चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस पहुंची, घायल सेजल को अस्पताल ले जाया गया पर बच नहीं सकी

हादसे की सूचना पर मोहम्मदाबाद कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल सेजल को तुरंत CHC ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसने अंतिम सांस ली। पुलिस ने मौके से DCM को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

परिजनों का हंगामा – “जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी, न पोस्टमार्टम होगा, न अंतिम संस्कार”

 

पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। दो बच्चों के शव सड़क पर पड़े देखकर परिवार चीख-चीखकर रोने लगा। परिजनों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध शुरू कर दिया।

उन्होंने साफ कहा—

“पहले गिरफ्तारी, फिर पोस्टमार्टम… उसके बिना शव नहीं उठाने देंगे।

मोहम्मदाबाद
मोहम्मदाबाद

घटना की गंभीरता को देखते हुए ASP अरुण सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल और CO मोहम्मदाबाद अजय वर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारी परिजनों को समझाने में जुटे हैं, मगर अब तक परिवार शवों को पोस्टमार्टम के लिए सौंपने को तैयार नहीं है।

पुलिस ने DCM का नंबर ट्रेस कर चालक की तलाश तेज की

पुलिस वाहन नंबर के आधार पर DCM चालक की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है। फिलहाल चालक फरार है और पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें