Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार मुस्तैद नजर आ रहा है। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने मऊदरवाजा थाना का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के बीच औचक निरीक्षण को लेकर विशेष सक्रियता देखने को मिली। एएसपी ने सबसे पहले थाना परिसर का गहनता से भ्रमण कर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

महिला हेल्प डेस्क और साइबर कक्ष की जांच
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने थाना कार्यालय के सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों को बारीकी से परखा। इसके साथ ही, महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केन्द्र पर पहुँचकर महिलाओं से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट देखी। उन्होंने कम्प्यूटर कक्ष और साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित पुलिसकर्मियों को तकनीकी उपकरणों के कुशल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनसुनवाई और यक्ष पोर्टल की समीक्षा
जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई के तहत प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। इसके अलावा, एंटी रोमियो टीम के साथ सीधा संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। साथ ही, यक्ष पोर्टल के प्रभावी संचालन और उसके नियमित उपयोग से जुड़ी जानकारियों की भी उच्चाधिकारियों द्वारा समीक्षा की गई।

कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश
निरीक्षण के अंत में एएसपी ने थाने के समस्त स्टाफ के साथ बैठक कर जनहित और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में पूरी संवेदनशीलता बरतने की बात कही। उन्होंने किसी भी घटना पर त्वरित तत्परता दिखाने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों को आमजन के प्रति विनम्र और न्यायप्रिय रवैया अपनाने पर भी विशेष बल दिया गया।

























