फर्रुखाबाद : कायमगंज जमानत पर छूटे प्रेमी ने मिलने से किया इनकार, किशोरी ने किया कीटनाशक का सेवन – मौत

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में जेल से जमानत पर बाहर आए प्रेमी के मिलने से मना करने पर एक किशोरी इतनी आहत हो गई कि उसने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सोमवार को जमानत मिलने के बाद किशोरी ने अपने प्रेमी को मिलने के लिए फोन किया था, लेकिन प्रेमी के इनकार ने उसे इस कदर तोड़ दिया कि उसने अपनी जान देने जैसा आत्मघाती कदम उठा लिया। देर रात जब किशोरी की हालत बिगड़ने लगी, तो बदहवास परिजन तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया।

स्कूल जाने के बहाने गायब हुई थीं दो बहनें

इस पूरी कहानी की शुरुआत इस साल अप्रैल महीने में हुई थी। किशोरी अपनी 12 साल की छोटी बहन के साथ 10 अप्रैल को साइकिल से स्कूल जाने के बहाने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। शाम तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, तो उनकी साइकिलें रेलवे स्टेशन के पास लावारिस हालत में मिलीं। पिता ने 11 अप्रैल को थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 12 अप्रैल को कासगंज के गंजडुंडवारा से दोनों बहनों को सकुशल बरामद किया था। जांच के दौरान गांव के ही मुख्य आरोपी विमलेश राठौर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

अस्पताल में परिजनों का हंगामा, दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी

किशोरी की मौत के बाद लोहिया अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया और शव को बिना पुलिस कार्रवाई के जबरन घर ले जाने की जिद करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख ड्यूटी डॉक्टर ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कादरीगेट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चुरी भिजवाया। उधर, किशोरी की मौत की खबर मिलते ही पुलिस हरकत में आई और गंजडुंडवारा से मामले के दूसरे आरोपी ऋषभ राठौर को भी गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी विनोद शुक्ला ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की सख्त कानूनी जांच की जा रही है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें