शुक्रवार को जनपद फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग बेचेलाल सुबह करीब 11 बजे अपने मवेशियों को चराने के लिए खेतों की तरफ निकले थे। इसी दौरान सोता नाले के पास अचानक उनका पैर फिसल गया। पैर फिसलते ही वे सीधे नाले के गहरे पानी में जा गिरे और डूबने से उनकी जान चली गई।

जब मवेशी तो लौटे पर घर नहीं आए बेचेलाल, मच गई चीख-पुकार
काफी देर तक जब बेचेलाल घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता होने लगी। इसी बीच खबर मिली कि उनके जानवर तो खेत में खड़े हैं, लेकिन बेचेलाल गायब हैं। अनहोनी की आशंका में मृतक के बेटे मनोज ने ग्रामीणों के साथ मिलकर करीब दो घंटे तक हर जगह खोजबीन की। काफी तलाश करने के बाद आखिरकार सोता नाले के पानी में बेचेलाल का शव उतराता हुआ मिला, बेचेलाल की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मचा गया।

डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, पुलिस जांच में जुटी
ग्रामीणों ने तुरंत शव को नाले से बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही थाना अध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उपनिरीक्षक कल्लू सिंह और प्रताप सिंह ने घटनास्थल की जांच कर शव का पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मामला पहली नजर में डूबने का ही लग रहा है, जिसकी बारीकी से जांच की जा रही है।



















