जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव धन्सुआ में दिल्ली विश्वविद्यालय की एक छात्रा ने अपने ही घर में सुसाइड कर लिया। मृतका की पहचान राजेश कुमार पाल की 20 वर्षीय पुत्री अंजलि के रूप में हुई है, जो दिल्ली से ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही थी और महज 5 दिन पहले ही अपने घर लौटी थी। अंजलि ने अपने फौजी पिता की लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

दुकान से लौटे मां-भाई, तो अंदर से बंद मिला दरवाजा
बता दें कि घटना के वक्त अंजलि घर पर अकेली थी। उसके पिता राजेश कुमार पाल सेना में हैं और इस समय पंजाब के भटिंडा में तैनात हैं। घर पर अंजलि का भाई ललित और मां रहते हैं, जो मछली मंडी के पास एक जनरल स्टोर चलाते हैं। शुक्रवार की सुबह ललित दुकान पर गया था और दोपहर में मां भी वहीं चली गईं। रात करीब 9:30 बजे जब मां-बेटा घर लौटे, तो मुख्य दरवाजा अंदर से लॉक था। फोन करने पर भी जब अंजलि ने कॉल रिसीव नहीं की, तो परिजनों को अनहोनी का शक हुआ।
छत के रास्ते अंदर पहुंचे परिजन, सामने बिखरा था खून
दरवाजा न खुलने पर परेशान परिजन पड़ोस के घर की छत के सहारे अपने घर में दाखिल हुए। अंदर का नजारा देखते ही उनकी चीख निकल गई। अंजलि कमरे के अंदर बेड पर लहूलुहान हालत में मृत पड़ी थी और पास में ही पिता की लाइसेंसी राइफल पड़ी हुई थी। परिजनों के द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अभय वर्मा पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कर साक्ष्य एकत्रित किए।

पुलिस जांच में जुटी, सुसाइड की वजह अभी भी रहस्य
शनिवार दोपहर को जब मृतका के फौजी पिता भटिंडा से घर पहुंचे, तब पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ सिटी अभय वर्मा ने पुष्टि की है कि युवती ने पिता की राइफल से खुद को गोली मारी है। हालांकि, अंजलि ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी साफ नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और आस-पड़ोस के लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि सुसाइड की सही वजह का पता लगाया जा सके।



















