फर्रुखाबाद : TET परीक्षा के दौरान जाम से बचाने के लिए रूट डायवर्जन लागू, निकलने से पहले पढ़ लें ये जरूरी खबर

जनपद फर्रुखाबाद में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) गुरुवार से शुरू होकर 4 जुलाई तक चलेगी। पांच पालियों में होने वाली इस परीक्षा में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। एग्जाम सेंटर तक पहुंचने में परीक्षार्थियों को कोई दिक्कत न हो और वे जाम में न फंसें, इसके लिए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने एक कड़क रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है।

भारी वाहनों का रास्ता बदला, अब इस रूट से जाएंगे ट्रक और डम्पर

कन्नौज की तरफ से कानपुर रोड होते हुए फतेहगढ़ आने वाले सभी भारी मालवाहक वाहनों (जैसे ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डम्पर और लोडर) को जिला जेल क्रॉसिंग से ही सेंट्रल जेल मार्ग की तरफ मोड़ दिया जाएगा। परीक्षा के दौरान आम जनता और परीक्षार्थियों की सहूलियत के लिए इन गाड़ियों को शहर के मुख्य रास्तों पर आने की अनुमति नहीं होगी।

इन रास्तों पर रहेगा कड़ा पहरा, गाड़ियों की एंट्री पूरी तरह बंद

परीक्षा के दौरान रखा तिराहा और अंबेडकर तिराहा से जेएनवी रोड की तरफ जाने वाले रास्ते पर शहर के अंदर सभी प्रकार के वाहनों का आना-जाना पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान सिर्फ एम्बुलेंस या फायर ब्रिगेड जैसी बेहद जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही आपातकालीन स्थिति में निकलने की छूट दी जाएगी।

रोडवेज बसें भी बदलेंगी रास्ता, नए रूट से होगा संचालन

फर्रुखाबाद बस अड्डे से कानपुर की तरफ जाने वाली रोडवेज बसों के रूट में भी बड़ा बदलाव किया गया है। अब ये बसें लालगेट फव्वारा, आईटीआई और सेंट्रल जेल मार्ग से होकर गुजरेंगी। इसके अलावा, सभी परीक्षा केंद्रों और स्कूल-कॉलेजों के आसपास भारी वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह से ताला लगा दिया गया है।

ई-रिक्शा और ऑटो पर भी नजर, पुलिस ने की सहयोग की अपील

ई-रिक्शा, ऑटो, टेम्पो और अन्य हल्के वाहनों को सिर्फ उनके तय रास्तों पर ही चलने की इजाजत होगी। अगर किसी इलाके में ज्यादा भीड़भाड़ होती है, तो पुलिस इन हल्के वाहनों को भी रोक सकती है। पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस ट्रैफिक प्लान का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें