फर्रुखाबाद : बसों की सघन जांच, 40 बसों पर चालान और सीज की कार्रवाई

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जिले में “मीट एंड ग्रीट अभियान” चलाया जा रहा है। अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश और परिवहन आयुक्त के निर्देश पर पुलिस एवं परिवहन विभाग की टीम बसों की जांच कर रही है।

40 बसों पर हुई कार्रवाई

27 सितंबर 2026 से अब तक एआरटीओ और यातायात पुलिस ने बसों की सघन जांच की। जांच के दौरान नियमों में कमी पाए जाने पर कुल 40 बसों के चालान किए गए और उन्हें सीज करने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है।

दस्तावेजों के साथ सुरक्षा इंतजाम भी जांचे

जांच के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और नंबर प्लेट सहित जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। इसके अलावा प्रेशर हॉर्न, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, अग्नि सुरक्षा उपकरण और एडीएएस जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी देखा गया।

चालकों और यात्रियों को किया जागरूक

चालकों और परिचालकों का ब्रीथ एनालाइजर से परीक्षण भी किया गया। यात्रियों को सुरक्षित यात्रा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। चालकों को गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों के अनुसार जांच और जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें