शुक्रवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद में इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर नेकपुर पुल और मसेनी चौराहे के बीच एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार मजदूर को इतनी जोरदार टक्कर मारी दी। हादसे मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद आरोपी ड्राइवर अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया और मामले की जांच शुरू की।

रोजी-रोटी कमाने निकला था परिवार का इकलौता चिराग
मृतक की मजदूर की पहचान कादरीगेट थाने के नारायणपुर निवासी राम जी सिसोदिया के 40 वर्षीय पुत्र सुभाष उर्फ मल्लू के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सुभाष रोज की तरह सुबह भी साइकिल उठाकर दीनदयाल बाग मजदूरी करने के लिए घर से निकले थे। लेकिन इटावा बरेली हाईवे पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घर का कमाऊ सदस्य छिनने से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे की खबर मिलते ही मृतक सुभाष के घर में कोहराम मच गया। पत्नी फूलमती का रो-रोकर बुरा हाल है। सुभाष अपने पीछे पत्नी और चार बेटियों को बेसहारा छोड़ गए हैं। घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उधर, पुलिस फरार गाड़ी और ड्राइवर की तलाश में जुटी है, जिसके लिए हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।



















