जनपद फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में साढ़े तीन बीघा जमीन के विवाद में एक कलयुगी बहू ने रिश्तों की सारी मर्यादाएं तार-तार कर दीं। आरोप है कि बहू रामादेवी ने अपनी ही बुजुर्ग सास रामवती पर खौलता हुआ गर्म पानी डाल दिया। जिससे बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से झुलस गई और इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

साढ़े तीन बीघा जमीन बनी मौत का कारण
मृतका के बड़े बेटे बेंचेलाल ने पुलिस को बताया कि पिता की मौत के बाद उनकी मां रामवती के नाम साढ़े तीन बीघा कृषि भूमि विरासत में मिली थी। इसी जमीन पर छोटे भाई की पत्नी रामादेवी की बुरी नजर थी। वह लगातार इस जमीन को अपने नाम कराने के लिए सास पर दबाव बना रही थी और बात न मानने पर अक्सर उनके साथ मारपीट करती थी।
मना करने पर खौलाया पानी, फिर कर दिया हमला
17 जून की सुबह करीब छह बजे बहू ने फिर से जमीन का बैनामा करने का दबाव बनाया। जब सास रामवती ने साफ मना कर दिया, तो बहू ने उन पर खौलता हुआ पानी फेंक दिया। तड़पती हुई बुजुर्ग महिला को तुरंत डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत बिगड़ने पर उन्हें सैफई रेफर किया गया। अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ते हुए आखिरकार रामवती की मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई और जांच शुरू
जहानगंज थाना अध्यक्ष पूनम अवस्थी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी बहू रामादेवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया है। मामले की बारीकी से विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक राकेश सिंह द्वारा की जा रही है।



















