बुधवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर के मोहल्ला सड़वाड़ा निवासी 22 वर्षीय युवक यश कुमार ने संदिग्ध परिस्थितियों में कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया। उल्टियां होने पर परिजनों को जानकारी, परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, पुलिस को भेजा गया मेमो
लोहिया अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने यश कुमार का परीक्षण किया और उसे मृत घोषित कर दिया। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल प्रशासन ने बिना देरी किए इस पूरी दुखद घटना की सूचना लिखित मेमो के जरिए स्थानीय पुलिस को भेज दी है। मृतक यश अपने पीछे मां सुनीता (जो ब्लॉक में कार्यरत हैं), छोटा भाई लव और बहनें मानसा, प्रज्ञा तथा क्षमा को रोता-बिलखता छोड़ गया है।
लेंटर पड़ते समय हुआ था विवाद, पुलिस ने शुरू की पोस्टमार्टम की कार्रवाई
घर में काम कर रहे मिस्त्री के अनुसार, घटना के वक्त मकान पर लेंटर डालने का काम चल रहा था। इसी बीच किसी बात को लेकर परिवार में अनबन और कहासुनी हो गई। माना जा रहा है कि इसी पारिवारिक विवाद से क्षुब्ध होकर यश ने इतना खौफनाक कदम उठा लिया। मामले की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि अस्पताल के मेमो के आधार पर पुलिस केस दर्ज कर चुकी है। कस्बा इंचार्ज अंकुर भाटी द्वारा शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।



















