शुक्रवार को जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद अमृतपुर विधानसभा सीट से विधायक सुशील शाक्य अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। विधायक जी को इस तरह अचानक गश खाकर गिरते देख कार्यक्रम में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों ने उन्हें तुरंत संभाल लिया।
प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की मौजूदगी में हुआ वाकया
यह पूरी घटना कृषि विभाग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में हुई। कमालगंज के मधुबन रिसॉर्ट में चल रहे इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह भी मंच पर मौजूद थे। इस रिसॉर्ट में कृषि विभाग की तरफ से एक प्रदर्शनी लगाई गई थी और प्रगतिशील किसानों के लिए ट्रेनिंग दी जा रही थी। बड़े नेताओं की मौजूदगी के बीच अचानक विधायक जी की तबीयत बिगड़ने से हर कोई परेशान हो गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बड़े अस्पताल में रेफर
विधायक सुशील शाक्य के अचानक गिरने के तुरंत बाद मौके पर मौजूद डॉक्टरों की टीम ने उनकी प्राथमिक जांच की। हालत को देखते हुए उन्हें पहले तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इसके बाद, बेहतर इलाज और पूरी जांच के लिए डॉक्टरों ने उन्हें फर्रुखाबाद शहर के एक बड़े निजी अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।



















