बुधवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद जनपद के थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में एक स्कूल कैंपस में खड़ी वैन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वैन आग का गोला बन गई, जिससे पूरे स्कूल प्रशासन और बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि हादसा उस समय हुआ जब बच्चे वैन से उतर चुके थे, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
धुआं उठते ही मची भगदड़, स्टाफ ने दिखाई बहादुरी
पप्राप्त जानकारी के अनुसार वैन चालक बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद गाड़ी को परिसर में बने टिन शेड के नीचे पार्क कर चुका था। तभी अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा। जब तक कोई कुछ समझ पाता, लपटों ने पूरी वैन को अपनी चपेट में ले लिया। स्कूल स्टाफ ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए पानी के पंप (समरसेबल) से आग बुझाने की कोशिश शुरू की और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। स्थानीय लोगों और स्टाफ की हिम्मत से पास खड़ी अन्य गाड़ियों को समय रहते हटा लिया गया, जिससे एक भीषण विस्फोट होने से बच गया।

लाखों का नुकसान, शॉर्ट सर्किट बनी आग की वजह
दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मऊदरवाजा थाना अध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।



















