फर्रुखाबाद में सोमवार का दिन राजनीतिक गहमागहमी भरा रहा। बीजेपी महिला मोर्चा ने ‘महिला जन आक्रोश सम्मेलन’ के जरिए सपा और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। बीजेपी की प्रदेश उपाध्यक्ष और महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह ने विपक्ष पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करके महिलाओं के आत्म-सम्मान को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने इसे महिलाओं के साथ विश्वासघात करार दिया और कहा कि महिलाएं इस अपमान को कभी माफ नहीं करेंगी। विरोध स्वरूप बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सपा और कांग्रेस का पुतला फूंका।

मोहम्मदाबाद में निकली ‘जन आक्रोश’ पदयात्रा
विरोध की आग केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रही, बल्कि मोहम्मदाबाद में भी देखने को मिली। वहां बीजेपी उत्तरी मंडल की ओर से ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ निकाली गई। महिला मोर्चा की अध्यक्ष मंजू राठौर के नेतृत्व में महिलाओं ने सड़क पर उतरकर अपना हक मांगा। इस दौरान ‘नारी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने साफ चेतावनी दी कि महिलाओं को राजनीतिक अधिकार दिलाने वाला यह अधिनियम उनका हक है, जिसे वे लेकर रहेंगी।

विपक्ष की कार्यशैली पर खड़े किए बड़े सवाल
इस प्रदर्शन में जिले की तमाम महिला पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। जिलाध्यक्ष बबीता पाठक, रश्मि दुबे, श्वेता दुबे और प्रतिभा राजपूत सहित कई अन्य ने सपा और कांग्रेस पर महिला विरोधी सोच रखने का गंभीर आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बीजेपी ने स्पष्ट किया है कि वे महिलाओं को उनका हक दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।



















