जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार, 19 अप्रैल को एक ग्रामीण की नाबालिग पुत्री घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली। घंटों बीत जाने के बाद भी जब वह घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका उसका कुछ पता नहीं लगा।
गहने और नकदी ले जाने का आरोप
पीड़ित पिता ने कोतवाली में दी गई तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि उनकी बेटी घर में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवर और 30 हजार रुपए की नकद भी अपने साथ ले गई है। पिता ने इस घटना के पीछे चचेरे भाई अनवर पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप मढ़ा है।
पूरे परिवार पर मिलीभगत का संदेह
इस मामले में केवल अनवर ही नहीं, बल्कि उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी मदद का आरोप है। पिता ने अनवर के भाई अफसर, रवी, मां सोमवती और बहनोई छोटू के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का दावा है कि इन सभी लोगों ने नाबालिग को घर से भगाने में सक्रिय भूमिका निभाई है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, शुरू हुई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए कायमगंज कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने तुरंत कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और जल्द ही नाबालिग की बरामदगी का दावा किया है।

















