फर्रुखाबाद की ठंडी सड़क पर स्थित लेंसकार्ट शोरूम पर हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने कंपनी के सीईओ पीयूष बंसल के कथित बयान को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के लोगों का आरोप है कि सीईओ की टिप्पणी सनातन धर्म की परंपराओं के खिलाफ है, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश देखा गया।

तिलक लगाकर अनोखे अंदाज में नाराजगी
प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने एक अलग ही तरीका अपनाया। उन्होंने शोरूम के अंदर पहुंचकर वहां काम करने वाले कर्मचारियों को तिलक लगाया और कलावा बांधा। इस दौरान पूरे परिसर में ‘जय श्री राम’ के नारों से माहौल गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि यह उनका शांतिपूर्ण तरीका है, जिसके जरिए वे अपनी नाराजगी जताना चाहते हैं।

‘सनातन संस्कृति के साथ समझौता नहीं’
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रांत अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि भारत की पहचान उसकी सनातन संस्कृति से है और किसी भी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष शिवम गुप्ता ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन केवल अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए था, ताकि कंपनी को जनमानस की नाराजगी का एहसास हो सके। फिलहाल, मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।


















