फर्रुखाबाद : कचहरी में दिनदहाड़े गुंडागर्दी, अधिवक्ता को तमंचा दिखाकर दी जान से मारने की धमकी – अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश

बुधवार को जनपद फर्रुखाबाद की फतेहगढ़ कचहरी परिसर में एक सिरफिरा युवक सरेआम हाथ में तमंचा लहराते हुए एक अधिवक्ता के चैंबर में घुस गया। इस घटना से पूरी कचहरी में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के दावों के बीच हुई इस वारदात ने कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

वकील रोहिताश कुमार पर हमला, तमंचा तानकर दी जान से मारने की धमकी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, न्यू बस्ती सिविल लाइन निवासी अधिवक्ता रोहिताश कुमार उपभोक्ता फोरम के पास स्थित अपने चैंबर में कानूनी काम कर रहे थे। तभी आयुष गुप्ता नामक युवक वहां पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि युवक ने अधिवक्ता पर तमंचा तान दिया और लात-घूंसों से उनकी बेरहमी से पिटाई की। शोर सुनकर जब आसपास के वकील दौड़े, तो उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को दबोचा और उसके हाथ से तमंचा छीना।

पिता पर उकसाने का आरोप और वकीलों का बढ़ता गुस्सा

पीड़ित अधिवक्ता का कहना है कि घटना के बाद आरोपी के पिता योगेश गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी विवाद को और हवा दी। इस हमले में वकील को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल, वकीलों में इस घटना को लेकर जबरदस्त गुस्सा है और उन्होंने कचहरी परिसर में सुरक्षा बढ़ाने की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।

Leave a Comment

और पढ़ें