Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में गर्भवती महिलाओं में खून की कमी यानी एनीमिया की समस्या को कम करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में जिले की स्वास्थ्य इकाइयों में FCM यानि फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज थेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक जिले में 187 गर्भवती महिलाओं को इस थेरेपी का लाभ मिल चुका है।
जरूरत के अनुसार दी जा रही FCM थेरेपी
FCM थेरेपी शरीर में आयरन की कमी को पूरा करने में सहायक होती है। चिकित्सकीय जांच और आवश्यकता के आधार पर एनीमिया से प्रभावित गर्भवती महिलाओं को यह उपचार दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य समय रहते खून की कमी की पहचान कर जरूरतमंद महिलाओं को उचित उपचार उपलब्ध कराना है।

कायमगंज में सबसे अधिक महिलाओं को मिला लाभ
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार कायमगंज में 90 गर्भवती महिलाओं को FCM थेरेपी दी गई। इसके अलावा राजेपुर में 40, डीएच फर्रुखाबाद में 18, कमालगंज में 11 और शमसाबाद में 8 महिलाओं को उपचार मिला। बरहापुर और मोहम्मदाबाद में 5-5, नाल्लाखा यूपीएचसी में 4, नवाबगंज और सिविल अस्पताल में 3-3, साहबगंज और नवदिया यूपीएचसी में 2-2 तथा भोलेपुर यूपीएचसी में एक महिला को FCM थेरेपी दी गई।
मातृ स्वास्थ्य पर विभाग का विशेष ध्यान
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की समय पर पहचान और आवश्यक उपचार जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य इकाइयों को जरूरतमंद महिलाओं तक सुविधा पहुंचाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां, स्वस्थ शिशु की मजबूत नींव है, इसलिए गर्भावस्था के दौरान जांच, एनीमिया की रोकथाम और आवश्यक उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


























