Farrukhabad News : बुधवार को जनपद फर्रुखाबाद के ब्लॉक संसाधन केंद्र कायमगंज में सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत एक भव्य चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित एवं विशिष्ट अतिथि सांसद प्रतिनिधि अशोक वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन करके किया। इस दौरान बीआरसी परिसर बच्चों की सुंदर कलाकृतियों और जीवंत रंगों से सराबोर नजर आया।

रंगों और कल्पनाओं से झलका 2047 का भारत
इस प्रदर्शनी में कायमगंज ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों में पूर्व में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 50 मेधावी छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘मेरे सपनों का भारत (विकसित भारत)’ रहा। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए स्वच्छ भारत-स्वच्छ शहर, डिजिटल इंडिया, पर्यावरण व जल संरक्षण तथा वर्ष 2047 के आत्मनिर्भर भारत की दूरदर्शी सोच को कैनवास पर बेहद खूबसूरती से उतारा।

सर्वश्रेष्ठ 5 प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 5 श्रेष्ठ बच्चों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इसमें उच्च प्राथमिक विद्यालय अताईपुर की छात्रा दर्शना ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं प्राथमिक विद्यालय उलियापुर की निशा द्वितीय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कायमगंज की भावना तृतीय, उच्च प्राथमिक विद्यालय लखनपुर की सेजल चतुर्थ तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय झब्बूपुर की वाली पंचम स्थान पर रहीं। मुख्य अतिथियों ने सभी विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

अतिथियों ने बच्चों को दिया सफलता का मंत्र
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अमरदीप दीक्षित ने गुरु की महिमा का बखान किया और बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की प्रेरणा दी। वहीं सांसद प्रतिनिधि अशोक वर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में सामाजिक चेतना, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनुराग पाठक, सुबोध अग्निहोत्री, श्याम जी श्रीवास्तव, अश्विनी चतुर्वेदी, मुकेश राजपूत एवं समस्त नोडल संकुल शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।


























