Farrukhabad News : मंगलवार की देर शाम जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव मंझना स्थित शमसाबाद रेलवे स्टेशन के पोल संख्या 154/11 और 154/10 के पास कासगंज की ओर जा रही एक ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद ट्रैक पर कार्यरत मेड सुरेंद्र सिंह ने युवक की ट्रेन की चपेट में आने की सूचना स्टेशन मास्टर श्याम सिंह को दी। सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज में भर्ती कराया जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार का सहारा था मृतक रोहित
मृतक युवक की पहचान नवाबगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला नया गनीपुर निवासी सूरज यादव के पुत्र रोहित यादव के रूप में हुई है। बता दें कि रोहित ई-रिक्शा चलाकर अपने पूरे परिवार का पालन-पोषण करता था। वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था। रोहित की मौत की सूचना पर मां रेखा देवी और भाई शिवम, अनीश व अवनीश समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस की कार्रवाई और स्थिति का जायजा
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल और सीएचसी पहुँचे। घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य यशवीर सिंह आर्य ने भी सीएचसी पहुँचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और ढांढस बँधाया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है तथा मामले की जाँच की जा रही है।


























