फर्रुखाबाद : बाढ़ से खोखली हुई सड़क धंसी, 108 बोरी गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नाले में पलटी – बाल-बाल बचे दो युवक

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव बिलावलपुर में बीते दिनों आई बाढ़ के कारण सोता नाले के पास की सड़क अंदर ही अंदर पूरी तरह खोखली हो चुकी थी। मंगलवार को गांव शिकारपुर निवासी किसान गोविंद ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गेहूं लादकर मंडी बिक्री के लिए जा रहे थे, तभी अचानक सड़क धंस गई। देखते ही देखते 108 बोरियों (लगभग 65 क्विंटल) गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सीधे सोता नाले में जा गिरी है।

पानी में गिरे युवक, मशक्कत के बाद सुरक्षित निकले

हादसे के वक्त ट्रैक्टर पर चालक गोविंद के साथ जोगेंद्र नाम का युवक भी सवार था। सड़क धंसते ही दोनों अनियंत्रित होकर नाले के गहरे पानी में गिर गए। हालांकि, दोनों ने सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर घुटनों तक बाढ़ का पानी भरा हुआ था, जिसके कारण अंदर खोखली हो चुकी सड़क का अंदाजा नहीं लग सका और भारी वजन पड़ते ही पूरी सड़क नीचे धंस गई।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

सड़क मरम्मत की मांग, प्रशासन ने शुरू कराया सर्वे

इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर और क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि पिछले दो महीनों से जारी बाढ़ और हालिया बारिश के कारण कई मार्ग क्षतिग्रस्त हुए हैं। पीडब्ल्यूडी और जिला पंचायत समेत संबंधित विभागों को सर्वे कराकर एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विशेष बजट से जल्द मरम्मत कराई जा सके।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें