Farrukhabad News : धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के रूप में प्रसिद्ध जनपद फर्रुखाबाद के पांचाल घाट को अब नई पहचान मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से इस पावन तट के सुंदरीकरण और पर्यटन विकास के लिए लगभग 4.92 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। बुधवार को विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ परियोजना का भूमि पूजन कर विकास कार्यों की नींव रखी।
पर्यटकों और श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
इस परियोजना का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की देखरेख में किया जाएगा। योजना के तहत यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए एक भव्य प्रवेश द्वार, मल्टीपरपज हॉल, आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक, चेंजिंग रूम और मदर फीडिंग रूम बनाए जाएंगे। इसके अलावा स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए पोर्टेबल दुकानें, पर्यटकों के बैठने के लिए बेंच, शुद्ध पेयजल, सोलर लाइट और व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
आकर्षण का केंद्र बनेंगी वॉल म्यूरल और हरियाली
घाट की सुंदरता बढ़ाने के लिए विशेष हॉर्टिकल्चर, ट्री पेडेस्टल, चेन फेंसिंग और भारतीय संस्कृति को दर्शाती इंटरप्रिटेशन वॉल व वॉल म्यूरल तैयार किए जाएंगे। कार्यक्रम में मौजूद परियोजना प्रबंधक सी.के. चतुर्वेदी ने बताया कि इन कार्यों से घाट का रूप पूरी तरह बदल जाएगा। विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने फर्रुखाबाद को इस सौगात के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

























