फर्रुखाबाद : 10 दिन से लापता युवक का पेड़ से लटकता मिला शव, पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर

शुक्रवार को जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव अख्मेलपुर में एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान जनपद हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र के गांव शेखपुर निवासी रामसिंह के पुत्र राजू के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजू 29 जून को अपनी बहन गुड्डी के घर अख्मेलपुर आया था। अगले ही दिन 30 जून की सुबह वह घर से ‘शौच जाने’ की बात कहकर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा।

कमालगंज
कमालगंज

‘मैं कानपुर जा रहा हूँ’ कहकर बंद कर लिया था मोबाइल

जब राजू काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो उसके बहनोई राजेश ने उसके मोबाइल पर कॉल की। राजू ने फोन पर सिर्फ इतना कहा कि वह कानपुर चला गया है, और इसके तुरंत बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। परेशान परिवार वालों ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। थक-हारकर उन्होंने खुदागंज चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी थी।

ग्रामीणों ने देखा पेड़ से लटकता शव, तेजाब से जलाने की आशंका

शुक्रवार की सुबह जब कुछ ग्रामीण शौच के लिए खेत की तरफ गए, तो उन्होंने एक पेड़ पर शव को लटकते देखा। सूचना मिलते ही खुदागंज चौकी प्रभारी और थाना प्रभारी रामसहाय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हुलिए के आधार पर बहनोई राजेश को बुलाया गया, जिन्होंने शव की पहचान राजू के रूप में की। परिजनों का आरोप है कि शव बुरी तरह गल चुका था, जिससे आशंका है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव पर तेजाब या कोई खतरनाक केमिकल डाला गया है।

कमालगंज
कमालगंज

शादी की चल रही थी तैयारी, पुलिस जांच में जुटी

वहीं परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि राजू दिल्ली में कुल्फी बेचने का काम करता था और घर में उसकी शादी की बातचीत चल रही थी। कुछ ही दिनों बाद उसे लड़की वाले देखने आने वाले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके से जरूरी सबूत जुटाए हैं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद असल स्थिति साफ होगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें