जनपर फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित कन्या विद्या पीठ इंटर कॉलेज में इन दिनों भारी विवाद खड़ा हो गया है। स्कूल की प्रबंधक और प्रबंध समिति ने एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानाचार्या डॉ. विश्व मोहिनी पांडेय को उनके पद से निलंबित कर दिया है। इस फैसले के बाद से ही शिक्षा जगत में खलबली मच गई है। आरोप है कि मैनेजमेंट ने दुर्भावना और लालच में आकर, साज़िश के तहत यह झूठी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के बाद से स्कूल के भीतर का तनाव अब खुलकर सामने आ गया है।
प्रधानाचार्य परिषद मैदान में, DIOS को सौंपा ज्ञापन
इस पूरे मामले को लेकर उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद ने कड़ा रुख अपना लिया है। परिषद के पदाधिकारियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक फर्रुखाबाद को एक ज्ञापन सौंपकर इस निलंबन को तुरंत रद्द करने की मांग की है। परिषद का कहना है कि डॉ. विश्व मोहिनी पांडेय एक बेहद योग्य और सम्मानित प्रधानाचार्या हैं, जिन्हें बिना वजह प्रताड़ित किया जा रहा है। प्रधानाचार्या ने खुद को बेकसूर साबित करने के लिए सबूतों के साथ अपना पक्ष भी अधिकारियों के सामने रख दिया है।
मांग पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की दी चेतावनी
प्रधानाचार्य परिषद ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर इस मामले में जल्द से जल्द न्याय नहीं मिला और निलंबन वापस नहीं लिया गया, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। परिषद अग्रिम और बड़ी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग और स्कूल मैनेजमेंट की होगी। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या एक्शन लेता है ताकि स्कूल की व्यवस्था फिर से पटरी पर लौट सके। ज्ञापन के दौरान जिला उपाध्यक्ष डॉ विश्व मोहिनी पांडे, डॉ विनीत कुमार चौहान, डॉ अनिल, राकेश गुप्ता, संतोष त्रिपाठी, डॉ बृजभूषण सिंह, अनिल सिंह व डॉ संदीप चतुर्वेदी मौजूद है।



















