शनिवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर के टीपी चौराहे स्थित प्रसिद्ध श्री कोतवालेश्वर हनुमान मंदिर में उत्सव जैसा माहौल रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और भव्य आरती के साथ हुई। हनुमान जी के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा और भक्त भक्ति के रंग में डूबे नजर आए। इस दौरान मंदिर की भव्यता और श्रद्धा देखते ही बन रही थी।

व्यापार मंडल के नवनियुक्त पदाधिकारियों का भव्य सम्मान
उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल में पदोन्नति होने पर प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कौशल, जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता और नगर अध्यक्ष अमित सेठ का भव्य अभिनंदन किया गया। मंदिर सेवा ट्रस्ट की टीम ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं, मिठाई खिलाई और हनुमान जी की तस्वीर भेंट कर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं भाजपा नेता अखिलेश शर्मा और अरुण सक्सेना ने राम नाम की पट्टिका पहनाकर अतिथियों का सम्मान किया। सम्मानित पदाधिकारियों ने मंदिर कमेटी के सामाजिक कार्यों की जमकर सराहना की और भविष्य में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

जल्द लगेगा ‘निशुल्क नेत्र शिविर’, गरीबों को मिलेगी राहत
सम्मान समारोह के बाद मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी और प्रबंधक संगम शाक्य ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि जल्द ही मंदिर परिसर में प्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ डॉ. विशाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में निशुल्क आंखों का कैंप लगाया जाएगा। इस कैंप में मरीजों की आंखों की मुफ्त जांच होगी और दवाइयां भी फ्री बांटी जाएंगी। इस मौके पर कन्हैया लाल, कमलेश भारद्वाज, विशाल श्रीवास्तव, बबलू राठौर समेत पूरी टीम मौजूद रही।


















