सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद की कायमगंज तहसील में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की तहसील कार्यकारिणी कर चुनाव बड़े ही उत्साह के साथ संपन्न हुए। इस बार मुख्य मुकाबला अध्यक्ष और सचिव पद के लिए था। अध्यक्ष पद के लिए रमाकांत और आकाश भदौरिया मैदान में थे। कड़े मुकाबले के बाद रमाकांत को 37 वोट मिले, जबकि आकाश भदौरिया को 32 वोटों से संतोष करना पड़ा। मात्र 5 वोटों के अंतर से रमाकांत ने जीत दर्ज कर अध्यक्ष की कुर्सी अपने नाम की।

सचिव पद का संग्राम : अनिल शर्मा ने प्रतिद्वंद्वी को 14 वोटों से पछाड़ा
सचिव पद के लिए मुकाबला काफी दिलचस्प रहा, जहां चार उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई। अनिल शर्मा को सबसे ज्यादा 35 वोट मिले। वहीं उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी निखिल मिश्रा को 21 वोट, सौरभ यादव को 6 वोट और हर्षित अग्निहोत्री को भी 6 वोट प्राप्त हुए। एक वोट निरस्त घोषित किया गया। अनिल शर्मा ने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी निखिल मिश्रा को 14 वोटों के बड़े अंतर से हराकर सचिव पद पर कब्जा किया।

निर्विरोध चुने गए अन्य पदाधिकारी : एकता की दिखी मिसाल
चुनाव में जहां दो पदों पर मतदान हुआ, वहीं बाकी पदों पर सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर कु. दामिनी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर कु. अनुराधा यादव, उप-सचिव पद पर अश्वनी राजपूत, कोषाध्यक्ष पद पर तामेश्वर राणा और लेखा परीक्षक पद पर रविकांत आर्य को निर्विरोध चुना गया। चुनाव अधिकारी उदय प्रताप सिंह, पर्यवेक्षक अनुभव पाण्डेय और द्वितीय चुनाव अधिकारी पवन कुमार यादव ने विजेताओं के नाम की आधिकारिक घोषणा की।

दिग्गजों ने दी बधाई : नई टीम से विकास की उम्मीद
इस चुनावी सफलता पर जिला स्तर के पदाधिकारियों में भी खुशी की लहर दौड़ गई। जिलाध्यक्ष सचिन मिश्रा, जिला मंत्री कृष्ण कांत, आशीष वर्मा, अनुज चतुर्वेदी, हिमांशु गुप्ता, रामजी यादव और अनुभव पाण्डेय ने नवनियुक्त टीम को जीत की शुभकामनाएं दीं। सभी ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी लेखपालों के हितों के लिए मजबूती से कार्य करेगी।


















